टहलते हुए आइए, सोचते हुए जाइए.
Showing posts with label विभा रानी. Show all posts
Showing posts with label विभा रानी. Show all posts

Thursday, January 27, 2011

एक फोकस में अध्यापक और छात्र .


तुम बडे हो कर क्या करोगे?
शादी.
मेरा मतलब, क्या बनोगे?
दूल्हा.
मैंने पूछा कि बडे होकर क्या हासिल करोगे?
दुल्हन
अरे, मेरा मतलब, बडे होकर मम्मी पापा के लिए क्या करोगे?
बहू लाऊंगा.
अरे बेवकूफ! तुम्हारे पापा तुमसे क्या चाहते हैं?
पोता
हे भगवान! तुम्हारी ज़िंदगी का क्या मकसद है?
हम दो, हमारे दो.

Thursday, November 18, 2010

बहिन की गठरी भर की आस- सामा चकेबा का एक गीत और

पनवाँ जे खइल’ हो चकवा भैया

पीतिया नेरइल एही ठाम!
ओही पितिए खरलीच बहिनी
ठेवले रे धाम!
ओही पार चकवा भैया खेले ले जुआ सार
ऐही पार खरलीच बहिनी, रोदना पसार।
तोहरो रोदनवाँ गे बहिनी मोरो ना सोहाए
बाबा के संपतिया गे बहिनी आधा देबौ बाँट
बाबा के संपतिया हो भैया; लछमी तोहार
हम दूर देसिनी हो भैया, मोटरिया केर हो आस
हम परदेसिनी हो भैया, चंगेरवा केर हो आस।

बहन भाई की आदतों से परेशान है। भाई का कहीं अता-पता नहीं है। बहन उसे खोज रही है। भाई को पान खाने की आदम है। पान खाकर वह जगह-जगह पीक थूकते हुए चलता है। बहन उसी पीक के सहारे खोजते हुए उस जगह जा पहुँचती है, जहाँ उसका भाई बैठा जुआ खेल रहा है।
यह जगह नदी के उस पार वाली जगह है, जहाँ बहन नहीं जा पाती। (प्रकारान्तर से यह बहनों / लड़कियों के लिए एक निषेध है कि वह उस पार न जाए, यानी मर्यादा का उल्लंघन न करे। यह भी कि उसकी सीमा इस पार यानी घर तक ही है, अत: वह वहीं तक रहे।) बहरहाल, बहन को जब यह पता चलता है कि भाई उधर बैठा जुआ खेल रहा है तो वह भाई की बर्बादी की आशंका से डर जाती है कि कहीं भाई जुए में सब हारकर दर-दर का भिखारी न हो जाए। इस डर से वह रोने लग जाती है।
उसके रोने की आवाज सुनकर जुआ खेलता भाई बहुत परेशान हो जाता है। जुए में बाधा पड़ता देख उसे अच्छा नहीं लगता। वह कहता है कि “मुझे तुम्हारी रूलाई मुझे अच्छी नहीं लग रही। चुप हो जाओ।“ भाई उसे लालच देता है कि “तुम रोओ मत। तुम चुप हो जाओगी तो मैं पिता से मिलनेवाली अपनी सम्पत्ति का आधा हिस्सा तुम्हें दे दूँगा।“
भाई की इस बात से दुखी होकर भाई की मंगल-कामना करती रहनेवाली बहन कहती है कि “बाबा की उस सम्पत्ति से उसका क्या वास्ता? वह सम्पत्ति तो तुम्हारी लक्ष्मी है। उसे तुम अपने पास ही रखो। मेरा क्या है। मैं तो परदेसिनी, दूर देस की निवासिनी हूँ। तुमसे तो भाई, बस एक गठरी भर संदेश और मन भर प्रेम की आस रखती हूँ।
बहन की इस मंगल कामना में उसके स्वयं के लिए निर्धारित स्थान का भी जिक्र है, जो स्त्रियों की सामाजिक दशा भी बताता है कि किस तरह से पिताकी सम्पत्ति में उसकाकोई स्थान नहीं है. अगर वह इस समप्त्ति के लिए ज़िद मचाती है तो अपना नाता रिश्ता समाप्त कर लेगी. भाई के प्रेमकीडोर की आस में सामान्यत: सभी बहनें पिता की सम्पत्ति पर अपना कब्ज़ा नहीं जमातीं. आज कानूनन पिता की सम्पत्ति पर बेटी का आधा हक होने के बावज़ूद, बहनें इस ओर का रुख नहीं करती हैं।

Tuesday, November 16, 2010

सामा चकेबा का एक गीत और

सामा चकेबा का खेल मिथिला में चल रहा है. यह खेल भाई के सुख व कल्याण के लिए बहनें कार्तिक सुदी 5 से खेलना आरम्भ करती हैं, जो कार्तिक पूर्णिमा तक चलता है. इसका एक गीत और-

डाला ले बाहर भइली, बहिनी से खरलीच बहिनी

बहिनो से खरलीच बहिनी
चकवा भैया लेल डाला छीन, सुन गे राम सजनी
मचिया बइठल सुनू बाबा हो बड़इता,
से चाचा हो बड़इता से
तोरो पोता लेल डाला छीन, सुन गे रामसजनी।
कथी के तोहरो डलवा गे बेटी, दउरिया गे बेटी,
कथिए लागल चारू कोन, सुन गे राम सजनी
कांचहीं बांस केर डलवा हो बाबा, दउरिया हो बाबा,
चंपा, चमेली चारू कोन, सुन गे रामसजनी।
जब तूँहे जइबे ससुर घर गे बेटी, भैंसुर घर गे बेटी
चढ़ने के घोड़बा देबो दान सुन गे रामसजनी।
चढ़ने के घोड़वा बिकाइ गेल हो बाबा, बिकाई गेल हो बाबा,
हाथ के मुनरिया देबो दान, सुन गे रामसजनी
हाथ के मुनरिया हेराई गेल गे बेटी, हेराई गेल गे बेटी
भैया जी के किये देबौ दान, सुन गे रामसजनी।
जब तूहों दान करब' भैया जी के बाबा, भैया जी के बाबा
छोटे की ननदिया देबौ दान, सुन गे रामसजनी।

बाँस का बना डाला (टोकरा)। इसमें सामा-चकेबा के खेलने की सारी चीजें सजाकर खरलीच बहन बाहर निकलती है कि चकबा भैया आकर उसका डाला छीन लेता है।
खरलीच मचिया यानी मोढ़े पर बैठे दादा जी और क्रमश: घर के सभी बड़े लोग यानी पिता, चाचा आदि के पास जाती है और शिकायत करती है कि भइया ने उसका डाला छीन लिया है। दादा, पिता, चाचा आदि सभी पूछते हैं कि तुम्हारा डाला किस चीज से बना हुआ था और उसमें क्या-क्या लगा हुआ था?
बहन कहती है कि मेरा डाला कच्चे बाँस से बना था और उसमें चारो कोने पर चम्पा-चमेली फूल आदि लगे हुए थे।
दादा, पिता, चाचा आदि उसे बहलाते हुए कहते हैं कि कोई बात नहीं; तुम उस डाले को भूल जाओ। बड़ी होकर जब तुम अपनी ससुराल जाओगी तो हम तुम्हारी सवारी के लिए घोड़ा दान कर देंगे।
यदि यह सवारीवाला घोड़ा बिक गया तो हम तुम्हें हाथ की अंगूठी दान में दे देंगे। यदि हाथ की अंगूठी भी बिक गई तो तुम्हारे भैया को ही दान में दे देंगे।
बहन भाई को दान में दिए जाने की बात सुनकर अपनी शिकायत भूल जाती है। विगलित होते हुए वह कहती है कि जब आप भैया को दान में दे देंगे तो मैं उसे रख तो नहीं पाऊँगी। हाँ, बदले में मैं अपनी छोटी ननद दान में दे दूँगी। अर्थात्‌ छोटी ननद से उसकी शादी करा दूँगी, ताकि उसकी जिंदगी में भी हरियाली आ जाए।

सामा चकेबा का गीत

सामा चकेबा का खेल मिथिला में चल रहा है. यह खेल भाई के सुख व कल्याण के लिए बहनें कार्तिक सुदी 5 से खेलना आरम्भ करती हैं, जो कार्तिक पूर्णिमा तक चलता है. इसकी कथा बहुत पहले इसी ब्लॉग पर दी थी. अब कुछ गीत दे रही हूं. कोशिश रहेगी कि कुछ अधिक गीत दे सकूं.

माई गंगा रे जुमनवाँ के एहो चीकन माटी हे


माई आनी देथिन चकबा भैया गंगा पैंसी माटी हे

बनाई देथिन्ह सामा भौजी, सामा हे चकेबा हे,

माई खेले लगली खरलीच बहिनी चारू पहर राति हे

माई खेलिए खुलिए बहिनी देहले असीस हे

माई जुग जीयू लाख जीयू, सबके अइसन भाई हे।
(गंगा और यमुना नदी की मिट्टी बड़ी चिकनी होती है। चकवा भैया गंगा नदी में घुसकर वहां की चिकनी मिट्टी लेकर आएंगे। सामा भाभी उस मिट्टी से सामा-चकेबा बना देंगी। उस सामा चकेबा के साथ खरलीच बहन सारी रात खेलेगी। सारी रात खेलने के बाद खरलीच बहन आशीर्वाद देती है कि हे मेरे भैया, तुम जुग-जुग जिया, लाख-बरस जियो। मैं ईश्र्वर से प्रार्थना करूँगी कि वह सबको तुम जैसा ही भाई दे। (सामा चकेबा खेल के अवसर पर गाए जानेवाले सभी गीत पहले चकबा भैया को संबोधित करके और बाद में उसे अपने अपने भाई को संबोधित करके गाए जाते हैं।)

Friday, November 12, 2010

आइये, छठ के गीत गाएं

आज छठ है. मन में कुछेक गीत घुमड रहे हैं. सुनिए-


ऊजे केरवा जे फरे ले घउद से

ओ पर सुगा मंडराए

मारबऊ से सुगवा धनुष से

सुगा गिरे मुरुछाए

सुगनी जे रोए ले बियोग से

आजु केहू ना सहाय

अइहें गे सुगनी छठी माई

होइहें उनहीं सहाय
(केले अपने घौद में फले हुए हैं. तोता उस पर मंडरा रहा है. तोते को तीर से मारा गया है. वह मूर्छित हो कर गिर पडा है. असहाय मादा तोता वियोग में भरकर रो रही है. उसे कहा जाता है कि छठ माता उसका सहारा बनेंगी और उसकी सहायता करेंगी. केले के अतिरिक्त चढाए जानेवाले अन्य फल, जैसे, नारियल, नीम्बू आदि के साथ इस गीत को दुहराया तिहराया जाता है.)

ऊजे कांच ही बांस के बंहगिया

बंहगी लचकत जाए

बाटा ही पूछले बटोहिया

बंहगी किनका के जाए

तू तो आन्हर होइबे रे बटोहिया

बंहगी छठी माई के जाए
(कच्चे बांस की बंहगी बनी हुई है. बांस के कच्चेपन के कारण बंहगी लचक लचक जा रही है. राह चलते राही बटोही पूछ रहे हैं कि यह बंहगी और इसमे रखे सामान किनके घर के लिए है? भक्त राही को धिक्कारते हुए कहता है कि तू अंधा हो गया है क्या? यह बंहगी छठ माता के लिए जा रही है. इसी तरह बंहगी के स्थान पर “कांचही बांस के दउरिया” गाया जाता है. )

मोरो भैया बसे रामा, अवध नगरिया

ऊहवां से लैह’ हो भैया गेहुंआसनेसवा

उए गेहुंए करबो हो भैया छठी के बरतिया

एही बेर गेहुंआ गे बहिनी बडी रे मंहगिया

छोडी देहू आहे बहिनी, छठी के बरतिया

कैसे हम छोडबो हो भैया, छठी सन बरतिया

ऊहे छठी मैया देलखिन अन धन सोनवां

ऊहे छठी मैया देलखिन मांग के सेनुरवा

ऊहे छठी मैया देलखिन गोद के बलकवा

मांगिए-चूगिए हो भैया करबई बरतिया.
(व्रत करनेवाली को अपने भाई पर बडा भरोसा है. वह कहती है कि उसके भैया अवध में रहते हैं. वह भाई से गेहूं संदेसे में लाने को कहती है. वह यह भी कहती है कि इस गेहूं से वह छठ का व्रत करेगी. भाई कहता है कि इस बार गेहूं के दाम आसमान को छू रहे हैं. इसलिए वह इस बार छठ का व्रत छोड दे. बहन कहती है कि वह कैसे इस व्रत को छोड देगी? इसी व्रत के पुण्य प्रताप से उसे धन धान्य, सुहाग और संतान मिले हैं. इसलिए वह मांग मूंग कर भी छठ का व्रत अवश्य करेगी.)

Thursday, August 12, 2010

सूरज को घेर लो!

एक राजा था. बस, कहने भर को. अकल धेले भर की भी नहीं. एक बार वह अपने मंत्री के साथ नदी किनारे टहल रहा था. वह नदी पूरब की ओर बह रही थी. राजा ने मंत्री से पूछा, “पूरब की तरफ कौन सा देश है?” मंत्री ने जवाब दिया – “पूरब की ओर राजा शूरसेन का देश है.”

राजा शूरसेन का नाम सुनकर राजा क्रोध से भर उठा. राजा शूरसेन वीर थे, विवेकवान थे, वुद्धिमान और न्यायप्रिय थे. ऐसी कोई बात नहीं थी, जिससे राजा शूरसेन से इस राजा की तुलना की जा सके. राजा शूरसेन की प्रसिद्धि से वह बहुत जलता था. उसने क्रोध मे भरकर कहा, “वह दुष्ट राजा हमारी नदी का पानी ले रहा है. फौरन बांध बंधवाओ और उधर का पानी बंद कर दो. “

मंत्री ने समझाने की बहुत कोशिश की, मगर राजा कहां माननेवाला? बांध का काम शुरु हो गया और कुछ ही दिनों में बांध तैयार हो गया. नदी का पानी रुक गया. बहती नदी की धार अपना बहाव ना पाकर इधर उधर अपनी धार तोडती फोडती आगे बढ चली, गांव शहर, डगर को डुबोती. चारो ओर हाहाकार मच गया. मगर सभी उस दुष्ट राजा के स्वभाव से परिचित थे. इसलिए किसी की भी हिम्मत उसके पास जाने की नहीं थी.

सभी मंत्री के पास पहुंचे. मंत्री खुद ही चिंता में डूबा हुआ था. शहर डूब रहा था, गांव डूब रहे थे, लोग अपने जान-माल के साथ डूब रहे थे. काफी देर तक सोचने के बाद उसने सभी से कहा कि “आपलोग घर जाइये. मैं कुछ ना कुछ उपाय करता हूं. “

मंत्री ने रात के पहरेदार को कहा कि वह एक एक घंटे पर समय का घंटा बजाने के बदले आधे आधे घंटे पर समय का घंटा बजाए. उस समय घडी नहीं था और लोग महल के घंटे की आवाज सुनकर ही समय का अंदाज़ा लगा पाते थे. सिपाही ने आधे आधे घंटे पर घंटा बजाना शुरु किया. नतीज़न, बारह बजे रात में ही लोग छह बजे का समय समझ बैठे. सभी उठ गए और बाहर आ गए. राजा भी आंखें मलता हुआ बाहर आया और घनघोर अंधेरा देख कर चौंक पडा. उसने मंत्री को बुलाया और पूछा कि “सूरज अभी तक क्यों नहीं निकला है?”

मंत्री ने जवाब दिया कि जब राजा शूरसेन को यह पता लगा कि आपने उनकी ओर बहनेवाले पानी का रास्ता बंद कर दिया है तो उन्होंने पूरब की ओर से निकलनेवाले सूरज को पकड कर बंदी बना लिया है. उनका कहना है कि जबतक पानी नहीं छूटेगा, तबतक सूरज को भी क़ैदी बनकर बंदी गृह में रहना होगा.”

यह सुनकर राजा के होश उड गए. बिना सूरज के काम कैसे हो सकता है? सुबह कैसे होगी, शाम कैसे होगी? उसे राजा शूरसेन की ताक़त का भी अंदाज़ा हो गया. जो राजा सीधा सूरज को ही बंदी बना कर रख सकता है, वह कितना बलशाली होगा?” वह डर गया. उसने कहा, “तुम जल्दी से बांध काटकर पानी उस तरफ की ओर बहा दो, ताकि राजा शूरसेन सूरज को आज़ाद कर सके.”

सभी मिलकर बांध काटने लगे. बांध काटते काटते सवेरा हो गया. सूरज की लाली चारो ओर छाने लगी. बांध काटने का काम पूरा नहीं हुआ था. राजा ने कहा, “बिना पूरा बांध कटे ही उसने सूरज को रिहा कर दिया?”

“जी महाराज.” मंत्री ने जवाब दिया, “जब राजा शूरसेन ने देखा कि आपने बांध को काटने का आदेश दे दिया है, तब उन्होंने भी सूरज को आज़ाद कर देने का आदेश दे दिया. जब उन्होंने देखा कि यहां के लोग बांध काट रहे हैं, तब उन्होंने भी सूरज को आपके यहां आने की मंजूरी दे दी है. इसीलिए सूरज पूरब की ओर से निकलता हुआ इधर आ रहा है, वो देखिए महाराज.” ###

Thursday, August 5, 2010

किसका आदर?

पंडित ईश्वरचंद्र विद्यासागर बंगाल के बहुत बडे विद्वान थे. सभी उनका आदर करते थे. वे बहुत ही सादा जीवन बिताते थे.

एक बार शहर के एक रईस ने अपने यहां भोज का आयोजन किया. उस आयोजन में उसने शहर के सभी नामी लोगों को बुलाया. पंडित ईश्वरचंद्र विद्यासागर को भी आमंत्रित किया गया. वे हमेशा की तरह अपनी सादा वेशभूषा, यानी धोती-कुर्ता में गए. दरबान ने यह सोचा कि यह कोई गरीब ब्राह्मण है और कुछ पैसे या दान मांगने आया है. उसने पंडित ईश्वरचंद्र विद्यासागर को अंदर जाने नहीं दिया.

पंडित ईश्वरचंद्र विद्यासागर घर लौट गए. अबकी बार उन्होंने बहुत अच्छे और मंहगे कपडे पहने. दरबान ने उन्हें तुरंत अंदर जाने दिया. खाने की मेज पर पंडित ईश्वरचंद्र विद्यासागर भोजन की हर वस्तु को उठा कर कभी कोट तो कभी पतलून तो कभी टाई के पास ले जाते और कहते- “लो खाओ. यह तुम्हारे किए है. देखो, कितना स्वादिष्ट है. इसे बनाने में पैसे भी बहुत खर्च हुए हैं.”

किसी को भी कुछ समझ में नही आ रहा था. रईस ने पंडित ईश्वरचंद्र विद्यासागर से इसका कारण पूछा. पंडित ईश्वरचंद्र विद्यासागर ने हंसते हुए जवाब दिया कि “यह भोज तो कपडों के लिए है. जब मैं यहां अपने साधारण कपडों में आया था, तब मुझे अंदर आने नहीं दिया गया. अब इस कपडे में आया हूं तो सभी मेरा आदर सत्कार कर रहे हैं. इससे मुझे पता चला कि यह भोज मेरे लिए नहीं, मेरे कपडों के लिए है. इसलिए मैं यह सारा भोजन इन कपडों को करा रहा हूं. “

रईस यह सुनकर बहुर शर्मिंदा हुआ. उसने पंडित ईश्वरचंद्र विद्यासागर से इसके लिए माफी मांगी और उनसे भोजन करने का अनुरोध किया. पंडित ईश्वरचंद्र विद्यासागर तो विद्वान और समझदार थे ही. उन्होंने सहर्ष भोजन किया.

Wednesday, July 21, 2010

दो भाइयों का प्रेम

मोहन और गणेश दो भाई थे. बहुत गरीब, मगर बहुत उदार. हमेशा दूसरों के काम आनेवाले. उनके माता-पिता उन्हें जी जान से भी अधिक प्यार करते थे.

दुर्भाग्य से एक दिन भूकम्प आया और उस भूकम्प में उनके माता-पिता घर की दीवार के नीचे दब गए. इन दोनों भाइयों ने उन्हें जी-जान से निकालने की कोशिश की, मगर वे सफल नहीं हो सके.

दोनों ही भाई छोटे थे. कोई भी कमाता नहीं था. दोनों भाइयों ने व्यापार करने की सोची. उन्होंने अपनी जमीन का कुछ हिस्सा बेचा और दोनों ने अपनी अपनी दुकान शुरु की.

दोनों की दुकान चल निकली. मोहन की शादी हो गई. उसके दो बच्चे भी थे. गणेश अभी और कमा कर फिर शादी करना चाहता था.

एक दिन मोहन की दुकान में खूब बिक्री हुई. मोहन ने सोचा कि मेरा भाई अकेला है. वह कहीं भी घूमने के लिए जा सकता है. इसलिए क्यों ना वह उसे दो लाख रुपए दे दे. यह सोचकर वह गणेश के घर गया और उसकी टेबल की दराज में दो लाख रुपए रखकर आ गया.

इधर गणेश ने सोचा कि मैं तो अकेला होकर भी इतना अधिक कमाता हूं. भाई का तो बडा परिवार है. बच्चों की पढाई के लिए भी उसे पैसे चाहिए. यह सोचकर वह भी दो लाख रुपए ले कर मोहन के पास गया. मोहन की आंखों में आंसू आ गए. उसने गणेश को गले से लगा लिया. वह बोला, “जब तक हम इसी तरह से प्रेम भाव से रहेंगे, हम पर कोई भी मुसीबत नहीं आएगी.”

Friday, February 19, 2010

पेंसिल और आदमी

पेंसिल बनानेवाले ने पेंसिल से कहा- "तुम्हारा जीवन एक नई दिशा की ओर जानेवाला है. इसलिए 5 बातें याद रखना-
1  जीवन में तुम कुछ भी महान कर सकते हो. अर्थात कोई भी महान रचना तुम्हारे द्वारा लिखी जा सकती है. इसलिए अपनी सामर्थ्य पहचानो.
2  कठिन धारदार रास्तों से तुम्हें गुजरना होगा. अर्थात, लोग तुम्हारी धार तेज करने के लिए तुम्हें छीलेंगे.
3  तुम्हारे भीतर गलत को सही करने की क्षमता है.
4   लो तुम मूल रूप में हो, अपने आप को वही बना कर रखना है, इसी में तुम्हारी पहचान है. नकल या दूसर यह है, मैं क्यों नहीं वाली भावना तुम्हें कहीं का भी नहीं छोडेगी.
5   हर हालत में लिखना है, सुन्दर और बेहतर लिखते हुए अपनी छाप छोडनी है.

पेंसिल जब आदमी के पास आया, तब उसने आदमी से कहा-
1  अपने-आपको दूसरों को सौंपो. देव और दानव दोनों एक साथ ही रहते हैं. अपना चुनाव करके रखो.
2  तप रहे हैं, हम भी, तुम भी. मैं भी छीला जा रहा हूं, तुम भी कठिन हालात से गुजर रहे हो. इनका सामना करो.
3  गलतियां सभी से होती हैं. सुधार लेनेवाले आगे बढ जाते हैं.
4   मुखौटों से अलग रहें. जो भीतर से हैं, वही बाहर से भी बने रहें तो आपकी पहचान एक अलग रूप में हो सकेगी.
5  जहां भी जायें, अपने निशान ऐसे छोडकर जाएं कि लोग उसका अनुसरण करें.

और अंत में, हर कोई एक पेंसिल के समान है.

Thursday, February 18, 2010

कांकड-कांकड चुनि लयो, हीरा दिया गंवाय!

एक आदमी जीवन से बहुत निराश था. उसे सभी सुख की चाहना थी. दुख की वह कल्पना भी नहीं कर पाता था. ज़ाहिर है, दुनिया में सभी को सभी सुख नहीं मिल पाते हैं. मगर आदमी इसे समझने से इंकार करता था. एक दिन अपनी निराशा में वह नदी किनारे बैठा था और अनमने भाव से अपने आस-पास की कंकडी, पत्थर आदि को उठा उठा कर नदी में फेंकता जा रहा था. नदी किनारे बैठे-बैठे शाम होने लगी तो वह वापस जाने के लिए उठा. तभी उसकी नज़र अपने आस-पास की कंकडी, पत्थर आदि की ओर गई, जिसी वह सुबह से उठा-उठा कर नदी में फेंक रहा था. उसने देखा कि जो कंकडी, पत्थर आदि वह नदी में फेंक रहा है, दर असल वे कंकडी, पत्थर नहीं, हीरे, मोती व अन्य बहुमूल्य पत्थर थे. आदमी बहुत पछताया, फिर से अपनी मूर्खता पर दुखी हुआ. अपनी भूल सुधारने के लिए वह उसी दम नदी में उतरा और डुबकी लगा लगा कर पानी से कंकडी, पत्थर आदि वापस निकालने की कोशिश करने लगा. शाम से सुबह हो गई. सुबह के झुटपुटे में उसने पाया कि उसने शाम को साफ सुथरे छोडे नदी के तट को शाम से फेंके गए नदी के कीचड से गन्दा कर दिया है. गन्दगी तो चारो ओर फैल गई थी, मगर उसमें से उसे एक भी हीरा, मोती या अन्य बहुमूल्य पत्थर  नहीं मिला.
हम क्या करते हैं? बाहर की अच्छाइयों को अस्वीकार करते रहते हैं और मन की बुराइयों को बाहर निकालते रहते हैं और ऊपर से दुखी भी होते रहते हैं.

Wednesday, February 17, 2010

दाग़ ?

एक बच्चा था, बेहद गुस्सैल. गुस्से में वह कुछ भी कर डलता. एक दिन उसके पिता ने उससे कहा कि इतना गुस्सा उसी के लिए हानिकारक है. बच्चे ने कहा कि गुस्सा कम करने के लिए वह कया करे? पिता ने उसे ढेर सारी कीलें दीं और कहा कि जब जब तुम्हें गुस्सा आये, तुम ये कील किसी पेड पर ठोक आना. बच्चा वैसे ही करने लगा. लेकिन कील ठोकने में उसे मेहनत लगती. फिर उसे यह काम व्यर्थ नज़र आने लगता. इसका असर यह हुआ कि धीरे धारे उसका गुस्सा कम होने लगा. एक दिन उसकी सारी कीलें खत्म हो गई. वह पिता के पास पहुंचा और बोला कि उसका गुस्सा उसके पास की कीलों की तरह समाप्त हो गया है.
पिता ने कहा कि अब वह एक काम और करे कि उसने जो कीलें पेडों में गाडी हैं, उसे निकाल निकाल कर ले आये. बच्चा करने लगा, पर उसने पाया कि इसमें तो कील ठोकने से भी अधिक मेहनत और समय लग रहा है. अब उसे अफसोस आने लगा कि यदि उसने गुस्सा नहीं किया होता तो उसे यह सब नहीं झेलना पडता. फिर भी किसी किसी तरह से उसने कुछ कीलें निकालीं और पिता के पास पहुंचा. पिता उसे लेकर पेड के पास आये और बोले- "गुस्सा करने से किसी को कुछ हासिल नही होता. गुस्सा करने से मन पर इसी तरह से कील के ठुंकने का अहसास होता है. गुस्से की भरपाई इसी कील को निकालने की तरह दुखदाई होती है. गुस्सा निकल भी जये, मगर कील निकालने के बाद के जो दाग पेड पर बने रह गये हैं, वे कभी भी नहीं निकलेंगे. मन में भी यही दाग़ बना रह जाता है."
बच्चे की समझ में बात आ गई. हमारी समझ में? रहिमन भी तो  कह गये है-
"रहुमन धागा प्रेम का, मत तोडो चटकाय
तोडे से फिए ना जुडे, जुडे गांठ पड जाये.

सबसे आसान रास्ता-नशा!

एक बार शैतान एक आदमी के पास पहुंचा और उससे बोला- "तुम नशा कर लो." आदमी ने मना कर दिया कि वह नशा नहीं करता. शैतान ने कहा कि "अगर तुम यह नहीं कर सकते तो अपनी बीबी की पिटाई कर डालो." आदमी ने गुस्से से कहा कि "वह यह कैसे कर सकता है? वह क्यों बिना वज़ह अपनी बीबी को मारे?" शैतान ने कहा कि "अगर तुम यह भी नहीं कर सकते तो अपने मां-बाप को गालियां दे दो." आदमी और भी गुस्सा हो गया और  उसने कहा कि "अपने आदरणीय माता-पिता को वह गाली कैसे दे सकता है?"  शैतान ने कहा कि "अगर तुम यह भी नहीं कर सकते तो अपने दोस्त की हत्या  ही कर आओ." आदमी के गुस्से का पारावार न  रहा. उसने कहा कि तुम मुझे कोई राह बताने आए हो या मेरी जान लेने? दोस्त की हत्या करने पर क्या मेरी जान बची रहेगी?"
शैतान ने कहा कि "जान तो तुम्हारी अब वैसे भी नहीं बचेगी. या तो तुम ये सभी काम करो या इसमें से कोई एक काम करो. वरना तुम मेरे हाथों मारे जाओगे."
आदमी ने सोचा कि इन चारों में से सबसे आसान और कम हानिकारक है- नशा करना. इससे किसी का कुछ नुकसान भी नहीं होगा और उसकी भी जान बच जायेगी.
और उसने नशा किया. नशा करने के बाद उसने अपनी बीबी को पीटा. उसे बचाने जब उसके मां-बाप आये तो उसने उन दोनों को खूब गालियां दीं. अपने मां-बाप को गालियां देते देख उसका दोस्त उसे समझाने बुझाने आया तो उसने आव देखा न ताव, गुस्से में आकर दोस्त को जान से मार डाला. खून के अपराध में बाद में उसे भी नौत की सज़ा मिल गई और वह भी मर गया.
तो इसका मतलब? .... आप बतायें.
(वरिष्ठ जेल अधीक्षक योगेश देसाई से सुनी  कहानी पर आधारित.)

Thursday, May 28, 2009

एक स्त्री को क्या चाहिए?

एक नवयुवक राजा को उसके पडोसी देश के राजा ने बंदी बना लिया था. राजा ने उसके खिलाफ मुकदमा चलाया और नवयुवक राजा को मृत्युदंड की सज़ा सुना दी. मगर नवयुवक राजा की उम्र देख कर पडोसी देश के राजा को भी दया आ गई. उसने नवयुवक राजा से कहा- "हम तुम्हें एक शर्त पर जीवन दान दे सकते हैं, अगर तुम मुझे मेरे एक प्रश्न का जवाब दे सको'. नवयुवक राजा को जीवन दान मिल रहा था. इससे बढ़ कर उसे और क्या चाहिए? उसने तुंरत कहा कि वह उत्तर देने के लिए तैयार है. पडोसी देश के राजा ने उसे कहा कि वह इस प्रश्न के जवाब के लिए उसे एक साल का समय देता है. अगर उसने वह जवाब दे दिया तो उसे आजाद कर दिया जाएगा, वरना उसे मौत के मुंह में सुला दिया जाएगा.
नवयुवक राजा को थोड़ी उत्सुकता हुई कि ऐसा कौन सा सवाल है, जिसके लिए उसे एक साल की मोहलत दी जा रही ही? राजा ने उसे प्रश्न सुनाया- "एक स्त्री क्या चाहती है?" सुनने में यह सवाल बड़ा सीधा-सादा सा था. मगर इसके लिए एक साल की मोहलत ही यह बता रही थी यह सवाल उतना सीधा नहीं है. फिर भी इस सवाल के मार्फ़त से नवयुवक राजा को जीवन दान मिल रहा था, इसलिए उसने इस चुनौती को स्वीकार कर लिया. राजा ने नवयुवक राजा को उसके घर भेज दिया और कहा कि हालांकि वह अपने घर पर रहेगा, लेकिन वह उसकी निगरानी में है, वह यह याद रखे."
दिन पर दिन बीतते गए,. नवयुवक राजा सभी से इस सवाल का जवाब पूछता रहा, मगर उसे कोई भी संतोषजनक
उत्तर नही मिला. अब वह परेशान होने लगा. उसे लगने लगा कि अगर वह इस सवाल का जवाब नहीं दे पाया तो उसका मरना तय है. उसे किसी ने सलाह दी कि नगर के बाहर एक चुडैल रहती है. वही इस सवाल का सही जवाब दे सकती है. लेकिन उसके पास जाना इतना आसान नहीं है. वह पहले तो किसी की बात नहीं सुनती, फिर सुनती भी है तो इसके लिए वह मनमानी फीस वसूलती है और उसकी फीस में पैसे से लेकर किसी की जान लेना तक शामिल है.
नवयुवक राजा ने तय किया था कि वह उसके पास नही जाएगा. लेकिन तेजी से ख़त्म होती जा रही मियाद ने उसे मज़बूर कर दिया उसके पास जाने के लिए. चुडैल ने बड़ी मुश्किल से उसकी बात सुनी. फिर उसने सवाल के जवाब के लिए अपनी शर्त रखी. उसने कहा कि वह उसके लेखक मित्र से शादी करना चाहती है. नवयुवक राजा के यह सुनकर होश उड़ गए. वह लेखक राजा का बहुत अच्छा मित्र था और बहुत ही ग्यानी औए विद्वान था. उसकी शोहरत पूरे देश में थी. उस सीधे-सादे, छल-कपट से रहित व्यक्ति की शादी इस चुडैल से करवा देना, वह भी अपनी जान की खातिर, यह उसे मन न भाया. और वह चुपचाप वहां से चला आया.
मित्र को जब इस बात का पता चला, तब उसने कहा कि वह उस चुडैल से शादी करने के लिए तैयार है, अगर ऐसा करने से उसके प्रिय मित्र की जान बच जाती है. नवयुवक राजा बड़ी मुश्किल से इस बात के लिए तैयार हुआ.
लेखक मित्र की शादी उस चुडैल से हो गई. उस चुडैल ने अब नवयुवक राजा को उसके सवाल का जवाब दिया, जो इस प्रकार है - "स्त्री अपनी जिंदगी की नियामक या निर्णायक खुद ही हो."
साल भर का समय समाप्त हो गया था. नवयुवक राजा ने पडोसी देश के राजा को अपना उत्तर सुनाया. राजा बहुत खुश हुआ और उसे उसने अपनी कैद से आज़ाद करके उसे जीवन दान दे दिया.
इधर लेखक मित्र अपनी सुहाग रात के लिए अपने कमरे में गया. उसका दिल बहुत बुरी तरह से धडक रहा था. वह समझ नही पा रहा था कि आज उसके साथ क्या होनेवाला है? एक चुडैल के साथ सुहाग रात? परन्तु जब वह कमरे में गया तब वह यह देख कर दंग रह गया कि वहा एक अत्यनत ख़ूबसूरत लड़की सुहाग सेज पर बैठी हुई है. लड़की ने बताया कि उसके साथ शादी करने से अब उसके पास दो तरह की ताक़त आ गई है.- १ वह आधे समय तक ख़ूबसूरत और आधे समय तक बदसूरत रह सकती है. २. वह सारे समय बदसूरत रह सकती है. वह यह तय करे कि क्या वह दिन में ख़ूबसूरत रहे और सभी को प्रसन्न रखे या रात में ख़ूबसूरत रहकर उसकी रातें खुशनुमा बनाए.
मित्र की समझ में कुछ भी नही आया. उसने नवयुवक राजा मित्र से इस बाबत पूछा. अबतक नवयुवक राजा अपने पडोसी देश के राजा के सवाल का मर्म अच्छी तरह समझ गया था. उसने मित्र को सलाह दी कि यह निर्णय तुम उसी पर छोड़ दो. मित्र ने ऐसा ही किया. उसकी पत्नी ने जवाब दिया कि आधा समय बदसूरत रहकर वह उस समय अपने संपर्क में आये लोगों का कुछ भी भला नहीं कर पायेगी, रात में भी बदसूरत रह कर वह उसे दुखी करेगी. इसलिए वह यह फैसला लेती है कि वह सारे समय ख़ूबसूरत बनी रहेगी.

Monday, May 18, 2009

दूसरों को दोष देने से पहले

एक बार एक आदमी एक डाक्टर के पास गया और बोला की उसकी बीबी ऊंचा सुनाती है। इससे उसे बहुत परेशानी होती है। डाक्टर ने उसे सलाह दी की वह उसके बहरेपन के लेवल का पहले पता करे। फ़िर वह उसके पास आए। आदमी ने पूछा की यह लेवल वह कैसे पता कर सकता है? डाक्टर ने उसे बहुत आसान सा तरीका सुझाया। उसने कहा की वह पहले ४० फीट की दूरी से एक बात कहे, यदि उसे इसका जवाब नहीं मिलता है तो वह उस दूरी को ३० फीट में बदल दे और फ़िर पूछे। फ़िर भी जवाब नहीं मिलता है तो उसे २० फीट करदे। ऐसा वह तबतक करता रहे, जबतक की उसे पत्नी से जवाब नहीं मिल जाता। आदमी ने ऐसा ही कराने का वचन दिया।
दूसरे दिन आदमी ४० फीट की दूरी पर खड़ा हो गया और उसने अपनी पत्नी से पूछा- "आज नाश्ता क्या बना है?"। उसे कोई जवाब नहीं मिला। फ़िर वह ३० फीट की दूरी पर गया और फ़िर से वही सवाल पूछा की आज नाश्ता क्या बना है?" उसे फ़िर जवाब नहीं मिला। अब वह २५ फीट की दूरी पर गया और फ़िर से सवाल दुहराया। जवाब न मिलाने पर २० फीट की दूरी पर जा कर उसने वही सवाल फ़िर से पूछा। क्रमश: वह दूरी घटाता गया और पत्नी से वही सवाल दुहराता गया।जवाब न मिलाने के कारण वह काफी खीझ रहा था। उसका गुस्सा और चिढ दोनों बढ़ते जा रहे थे।
अंत में जब वह ५ फीट की दूरी पर रह गया तब उसने फ़िर से अपनी पत्नी से पूछा, "क्या अब तुम बताओगी की आज नाश्ता क्या बना है?" पत्नी ने भी उसी चिढ और खीझ के साथ जवाब दिया- "तब से लेकर अबतक सात बार बता चुकी हूँ की आज नाश्ते में सैड्विच बना है। और कितनी बार बताऊँ?"

Thursday, May 14, 2009

ज्ञान की कीमत

एक बार एक जहाज काम इंजन बंद पड़ गया. सभी तरह के कामगार आये और सभी ने अपनी तरफ से हर तरह कि कोशिश कर ली, मगर इंजन स्टार्ट नहीं हुआ. अंत में किसी ने कहा कि इस नगर के अंतिम छोर पर एक बूढा रहता है. वह जहाज का विशेषग्य है. उससे दिखाया जाये. संभव है, वह इंजन ठीक कर सकता है.
उस बूढे को बुलाया गया. बूढे ने पूरे जहाज को अच्छी तरह से देखा-परखा. फिर उसने अपने बेग मेंसे एक हथौडा निकाला और इधर-उधर हलके से ठोका. फिर उसने इंजन के पास कि एक जगह को देखा, गहनता से उसका निरीक्षण किया. फिर निशाना साध कर उसने एक भरपूर वार हथौडे का उस जगह पर किया. सबने हैरानी से देख कि इंजन ठीक हो गया और वह काम करने लगा. सभी बड़े प्रसन्न हुए. सभी ने बूढे की जी खोल कर तारीफ की. बूढा वहां से चला गया.
कुछ दिनों के बाद उस बूढे का बिल आया . बिल पर रक़म लिखी थी- १०,०००/- रुपये. जहाज का मैनेजर चौंका- "अरे, इसने ऐसा क्या किया है कि दस हज़ार का बिल थमा दिया है. एक हथौडा ही तो मारा है. उसने बूढे से भी यही बात कही. बूढे ने कहा कि वह अपने बिल को मदवार शुल्क के रूप में भेज तःः है कि किस मद में कितना पैसा उसने लिया है.
मैनेजर के पास दूसरा बिल गया. उसमें बिल का विवरण था-
हथौडा मारने की फीस- रु. १०/-
सही जगह हथौडा मारने की फीस- रु ९९९०/-

Sunday, May 10, 2009

मन की आँखें

एक अस्पताल में दो मरीज़ भर्ती हुए. एक का बिस्तर खिड़की के पास था. उसे दिन भर में एक बार एक घंटे के लिए बिस्तर पर बैठने की इजाज़त थी. दूसरा मरीज़ सारे समय लेटा रहता था. दोनों मरीजों में बात चीत शुरू हुई और दोनों में दोस्ती हो गई. खिड़की के पास वाला मरीज़ जब बैठता तब वह खिड़की की तरफ मुंह करके बैठता और खिड़की के बाहर के सारे नजारे का वर्णन करता. दूसरा मरीज़ बिस्तर पर लेटा-लेटा यह सब सुनता रहता. उसे यह वर्णन बहुत भाता, इतना कि जब पहलेवाला मरीज़ खिड़की के बाहर के हाल-चाल का बयान करता, तब वह अपनी आँखें बंद कर लेता और अपनी बंद आँखों से उस वर्णन का तसव्वर करने लगता. मरीज़ की बातों में मौसम होता, आस-पास के पेड़, फूल, चिडिया, पशु पक्षी होते. एक दिन उसने एक बारात के जाने का वर्णन किया. दूसरे मरीज़ को बारात के बैंड की आवाज तनिक भी नहीं सुनाई दी, मगर उसने इस पर कुछ भी नहीं सोचा. बस, अपनी आँखें बंद की और बारात की कल्पना में डूब गया.
यह सिलसिला कई दिनों तक चलता रहा. दूसरा मरीज़ अब काफी बेहतर महसूस कर रहा था. नर्स ने उससे कहा कि अब शायद उसे भी कुछ देर के लिए बैठने की इजाज़त मिल जाये. यह सुन कर वह बड़ा खुश हुआ. उसने सोचा कि अब जब वह बैठ पायेगा, तब वह भी खिड़की के बाहर के सारे नजारे अपनी आँखों से देख पायेगा.
एक दिन सुबह हुई. नर्स जब मरीजों को उठाने आई तो उसने पाया कि पहलेवाला मरीज़ रात में ही सोये में ही चला बसा. दूसरेवाले मरीज़ को बहुत दुःख हुआ. नर्स और उसने मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. अस्पताल के कामगार उसके शव को लेकर चले गए. दूसरे मरीज़ ने नर्स से अनुरोध किया कि वह उसे पहलेवाले मरीज़ के बेड पर शिफ्ट कर दे. नर्स खुशी-खुशी मान गई.
दूसरा मरीज़ तसल्ली सकूं था. उसने सोचा कि अब वह अपनी आँखों से बाहर के नजारे देख सकेगा. उसने अपने को कोहनी के सहारे टिकाया और अधलेटे से हो कर उसने खिड़की के बाहर देखा. उसे यह देख कर बड़ा झटका लगा कि वहां से उसे पेड़ - पौधे, चिडिया, फूल आदि कुछ भी नहीं दिखाई दे रहे थे. उन सबके बदले वहां एक उदास, उजाड़ सी दीवाल थी. दूसरा मरीज़ कुछ समझ नहीं पाया. उसने नर्स को बुला कर पूछा कि इस बेड से वह मरीज़ उसे जो रंग-बिरंगे नजारे दिल्हाता था, वे सब अब कहा गए. नर्स को बहुत हैरानी हुई. वह मरीज़ की बात को समझ भी नहीं सकी. मरीज़ ने उसे पहलेवाले मरीज़ की बात बताई. अब तो नर्स को और भी हैरानी हुई. उसने कहा-" इतने सारे वर्णन वह आपको सुनाता था. आर्श्चय है कि वह ऐसा कैसे कर लेता था. वह तो जन्म से ही अंधा था. अब चौकने की बारी दूसरे मरीज़ और आप सबकी है.

Wednesday, May 6, 2009

कितनी मेहनत?

एक आश्रम में बच्चे विद्या अर्जन किया करते थे। विद्या अर्जन के साथ-साथ उन्हें आश्रम के भी अन्य सारे काम करने होते थे। काम करने के बाद वे सभी छात्र जंगल जाते और वहाँ से सूखे पत्ते चुन कर लाते। रात में वे सब उन सूखे पत्तों को एक-एक कर जलाते और उनके प्रकाश में अपना पाठ याद करते।
उसी आश्रम में एक ऐसा भी छात्र था जो न तो जंगल जाता और न ही सूखे पत्ते चुनता। रात में वह बाक़ी अन्य छात्रों के साथ बैठ कर सूखे पत्ते जला कर पाठ भी याद नहीं करता था। सभी छात्र उसका खूब मज़ाक उडाते और उसे बेवकूफ कहते।
परीक्षा का दिन आया। सभी ने परीक्षा दी। उस छात्र ने भी दी। सभी अन्य छात्रों ने उसकी खूब चुटकी ली। वे सभी इस बात से आश्वस्त थे की वह तो फेल होगा ही होगा।
परीक्षा का परिणाम आया और सभी यह देखकर हैरत में पड़ गए की वह छात्र अव्वल आया है। उसे सर्वोच्च अंक मिले हैं। बाक़ी सभी छात्रों के क्रोध की सीमा नहीं रही। वे सब अपने गुरु जी के पास गए और उस छात्र पर आरोप लगाया की उसने परीक्षा में अवश्य ही कदाचार का उपयोग किया है, इसीलिए उसे सबसे अधिक अंक आए हैं।
गुरु जी ने उस छात्र को बुलाया और पूछा की "तुम्हें सबसे अधिक अंक कैसे आए, जबकि तुम बाकियों के साथ न तो जंगल जाते हो, न सूखे पत्ते चुनकर लाते हो और न ही इन सबके साथ रात में बैठ कर इन सूखे पत्तों के प्रकाश में अपना पाठ ही याद करते हो। और तो और, तुम्हें पढ़ते हुए आज तक किसी ने नहीं देखा है?"
छात्र बोला-"यह सही है की मैं आज तक न तो जंगल गया और न ही जंगल से सूखे पत्ते चुन कर लाया और ना ही कभी रात में बाकियों के साथ बैठ कर सूखे पत्ते के प्रकाश में पाठ ही याद किया। मगर इसका यह मतलब नहीं की मैंने पढाई नहीं की है। भगवान भास्कर दिन भर अपना प्रकाश इस धरती और इस पर के जीव के लिए बिखेरते हैं। वे इस प्रकाश के एवज में किसी से कुछ चाहते भी नहीं। मैंने उनके इस आशीष का उपयोग जंगल में जा कर सूखे पत्ते चुनने के बदले अपने अध्ययन में किया। मैं दिन में ही अपने सारे पाठ याद कर लिया करता हूँ। लोग मुझे पढ़ता हुआ इसलिए नहींं पाते हैं की जिस समय मैं पढ़ता हूँ, ये सभी जंगल में सूखे पत्ते चुन रहे होते हैं। दिन के प्रकाश में पाठ याद भी अच्छी तरह से होता है, इसलिए मुझे सर्वोच्च अंक आए हैं।"
छात्र की बात सुन कर गुरु जी सहित सभी सोच में पड़ गए। सभी ने यह अनुभव किया की यह कह तो सही रहा है। और उस दिन से जंगल जा कर सूखे पत्ते चुन कर लाने और रात में उन सूखे पत्तों को जला कर उनकी रोशनी में पाठ याद कराने की प्रथा समाप्त हो गई।

Monday, May 4, 2009

लालसाएं- कितनी अनंत?

एक बार एक आदमी किसी गाँव से गुजर रहा था। उसने देखा की एक जगह मिट्टी के कुछ नए बर्तन रखे हुए हैं। उन बर्तनों के पास ही एक खाट बिछी हुई है और उस खाट पर एक आदमी मुंह पर गमछा रखे सो रहा है। बर्तन बेहद ख़ूबसूरत थे।
आदमी ने खाट पर सोये हुए आदमी को जगाते हुए पूछा की क्या ये बर्तन उसके बनाए हुए हैं?
सोये हुए आदमी ने जगाकर उसे ऐसे देखा जैसे वह कितना अहमक सवाल उससे कर रहा है। फ़िर उसने हामी भरते हुए कहा की ये बर्तन उसने बनाये हैं।
आदमी ने फ़िर पूछा- "क्या ये बर्तन बेचने के लिए हैं?"
बर्तानावाले ने फ़िर उसे देखा। उसके चहरे पर वही भाव थे कि कैसा बेवकूफाना सवाल है। फ़िर उसने हां में अपनी गर्दन दुलाई।
आदमी ने फ़िर पूछा, "मगर यहाँ तो तुम्हें इन बर्तनों के ज़्यादा पैसे नहीं मिलते होंगे। तुम ऐसा क्यों नहीं करते कि तुम शहर चले जाओ।"
"इससे क्या होगा?"
"तुम्हें अपने बर्तन के अच्छे दाम मिलेंगे।
:इससे क्या होगा?"
"तुम्हारे पास ज़्यादा पैसे हो जायेंगे।"
"इससे क्या होगा?"
फ़िर तुम उन पैसों से एक बड़ा सा घर खरीद सकते हो।"
"इससे क्या होगा?"
"तुम अपने घर में तरह-तरह के आराम के सरो-सामान रख सकते हो।"
"इससे क्या होगा?"
तुम्हारे पास ज़्यादा पैसे होंगे तो लोग तुम्हें इज्ज़त देंगे, तुम्हारा मान-सम्मान बढेगा।"
"इससे क्या होगा?"
"फ़िर तुम आराम से अपना जीवन सो कर गुजार सकते हो।"
"तो अभी क्या कर रहा हूँ?" आदमी ने जवाब दिया और अपनी चादर तान कर सो गया।

Monday, April 27, 2009

धार भी तो चाहिए!

एक आदमी खूब मेहनती था, मगर उसके पास का नही था। काफी मेहनत के बाद उसे एक काम मिला लकडियाँ काटने का। काम मिलाने से वह बेहद खुश था। अपना आभार उसने मालिक को इस रूप में दिया की उसने प्राण किया की वह खूब मेहनत करेगा और अपने काम के प्रति पूरी तरह से इमानदार रहेगा।
पहले दिन वह लकडी काटने गया। वह पूरे उत्साह में था। कुल्हाडी भी धारदार थी। उस दिन उसने खूब लकडी काती। वह बेहद खुश था की उसने अपनी नौकरी का सिला मालिक को दिया है। दूसरे दिन वह फ़िर लकडी काटने गया। आज उसने कल की तुलना में कम लकडी काती। फ़िर भी वह संतुष्ट था। अगले दिन उससे और भी कम लकडी कटी। वह तनिक नाखुश हुआ। फ़िर तो यह सिलसिला बनता चला गया। उसके काम में लगातार कमी आती गई। वह अपने -आप से नाराज़ सा रहने लगा। उसे भय भी हुआ की उसके काम की यह गति देख कर मालिक कहीं उसे नौकरी से निकाल ना दें और अगर ऐसा हुआ तो वह एक बार फ़िर से बेकार और बेरोजगार हो जायेगा।
अंत में वह एक दिन मालिक क पास गया और अपनी परेशानी मालिक से कह सुनाई। मालिक ने बड़े ध्यान से उसकी बातें सुनीं और कहा की " तुम ये बताओ की इस बीच तुमने अपनी कुल्हाडी की धार कब तेज़ की थी? तुम उससे काम तो लगातार लेते जा रहे हो, मगर यह देखने की कोशिश नहीं कर रहे हो की उसकी भी अपनी कोई ज़रूरत है या नही? धार चाहे कुल्हाडी की हो या अपनी मेधा की, उसे लगातार तेज़ करना ज़रूरी है। इससे काम में तेजी भी आती है और नवीनता भी।

Thursday, April 16, 2009

नज़रिया

जूते- चप्पल की एक कम्पनी एक गाँव में अपना व्यापार शुरू करना चाह रही थी। उसने अपनी मार्केटिंग टीम को वहाँ सर्वे के लिए भेजा। दो महीने के बाद उस कम्पनी की टीम ने अपनी सर्वे रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में यह कहा गया की यहाँ व्यापार की संभावना बिल्कुल ही नहीं है, क्योंकि यहाँ कोई भी व्यक्ति जूते-चप्पल नहीं पहनता।
जिस समय इस कम्पनी ने अपनी मार्केटिंग टीम उस गाँव में भेजी थी, उसी समय एक दूसरी कम्पनी ने भी अपनी टीम वहाँ भेजी। वह भी जूते-चप्पल की ही कम्पनी थी। उसकी टीम को भी दो महीने दिए गए थे। दो महीने के बाद इस कम्पनी ने भी अपनी रिपोर्ट कम्पनी को भेजी। उसमें लिखा हुआ था की यहाँ पर व्यापार की संभावना बहुत ज़्यादा है, क्योंकि यहाँ कोई भी व्यक्ति जूते-चप्पल नहीं पहनता।